नीमच। जिले के जीरन नगर परिषद के सफाई कर्मियों को 3 महीने से वेतन नहीं मिला। जिसे गुस्साए सफाई कर्मियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंच 22 सितम्बर को ज्ञापन सौप जीरन नगर परिषद के सीएमओ के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया था। जिसके बाद कलेक्टर द्वारा जीरन नगर परिषद के सफाई कर्मियों को तत्काल वेतन जारी करने के आदेश जारी किये गए।
परन्तु जीरन नगर परिषद के सीएमओ द्वारा सफाई कर्मियों को 2 महीने का वेतन ही दिया गया था। ऐसे में सफाई कर्मियों में सीएमओ के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। ऐसे में अखिल भारतीय सफाई मजदुर संघ के नगर अध्यक्ष शैलेन्द्र सरपटा ने बताया की गणेश उत्सव, नवरात्री, दशहरा जैसे प्रमुख त्योहारों पर जीरन नगर परिषद में कार्यरत समस्त सफाई कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है, सफाई कर्मचारियों को एरियल की किस्त एवं वेतन नहीं दिया गया है, जिसके चलते कई कर्मचारियों ने बैंकों से लोन एवं समूह लोन ले रखे हैं, उन लोन पर पेनल्टी लग रही है, सिविल खराब हो रही है, घरों के बिजली के बिल जमा नहीं हुए हैं और बच्चों की स्कूल की फीस जमा नहीं हुई है और घर परिवार में राशन आदि सामान लाने में बहुत कठिनाई हो रही है, जैसी कई अनेकों समस्याओं का सामना कर्मचारियों को करना पड़ रहा है। इस संबंध में जीरन मुख्य नगर परिषद अधिकारी से कई बार आवेदन / निवेदन किया जा चुका है, लेकिन हमारे वेतन भुगतान को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
ऐसे में नगर परिषद द्वारा कर्मियों को जल्द वेतन एवं एरियल किस्त का भुगतान नहीं किया गया, तो मजबूरन अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले नगर परिषद में कार्यरत समस्त सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर काम बंद कर हड़ताल पर जाएंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। जीरन नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को नवरात्रि एवं दशहरा, दीपावली जैसे राष्ट्रीय त्योहारों को देखते हुए वेतन का भुगतान किया जावे।
नगर अध्यक्ष शैलेन्द्र सरपटा ने कहा कि उनके बच्चों की स्कूल की फीस भी रुकी हुई है और घर का खर्च कैसे चलेगा? वहीं, एक महिला सफाई कर्मचारी ने बताया कि उनके पति बीमार चल रहे हैं और उनकी दवाई भी लानी होती है। उनके बच्चे स्कूल की फीस न जमा होने से घर पर बैठे हैं। स्कूल वाले फीस मांग रहे हैं, जब उनको वेतन ही नहीं मिल रहा तो वो कहां से स्कूल की फीस जमा करेंगे।


