रामपुरा (महावीर चौधरी)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि अजय विश्वास जोशी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य एन.के. पंवार ने अपने प्रेरक उद्बोधन में स्थापना दिवस को "संकल्प दिवस" के रूप में मनाने का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से जीवन में नेक, संस्कारित और सफल नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने नवोदय विद्यालय की स्थापना, गौरवशाली इतिहास एवं उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अजय विश्वास जोशी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए अपने विचार साझा किए तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने "नशा मुक्ति" विषय पर लघु नाटक तथा "मैं नवोदय हूं" गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में पी.सी. मीणा ने सभी का आभार व्यक्त किया।


