नीमच। जिले के ग्राम कुंचड़ोद निवासी डॉ. राहुल कुमार लोहार ने सूक्ष्म एवं लघु कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर नीमच का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। अपनी विशिष्ट कलाशैली, रचनात्मकता और निरंतर कलात्मक नवाचार के लिए उन्हें ‘अंतरराष्ट्रीय उत्कृष्ट श्री सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में 4 अक्टूबर को आयोजित भव्य सम्मान समारोह में राहुल कुमार लोहार को Micro & Miniature Art के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें सम्मान-पत्र, मोमेंटो एवं मेडल प्रदान किया गया। सम्मान से संबंधित दस्तावेज पर एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के साथ भारत सरकार के नीति आयोग (NITI Aayog) का उल्लेख एवं लोगो भी अंकित है।
बेहद छोटे आकार में उकेरते हैं बारीक कलाकृतियां
राहुल कुमार लोहार की कला की खास पहचान बेहद छोटे आकार में बारीकी से चित्रांकन करना है। वे प्राकृतिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों का रचनात्मक उपयोग करते हुए कलाकृतियां तैयार करते हैं। मिट्टी, गेरू, कजली, गोबर, हल्दी और कुमकुम जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से वे अलग-अलग तरह की सूक्ष्म कलाकृतियां बनाते हैं।
सूक्ष्म कला के साथ प्राकृतिक संसाधनों को जोड़कर नए प्रयोग करना उनकी कला को खास पहचान देता है। इसी रचनात्मकता और निरंतर नवाचार के लिए उन्हें जयपुर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
देश-विदेश के कलाकारों के बीच मिला सम्मान
जयपुर में आयोजित समारोह में देश-विदेश से आए 50 से अधिक कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए अलग-अलग सम्मानों से नवाजा गया। इसी क्रम में Micro & Miniature Art के क्षेत्र में राहुल कुमार लोहार को मिला सम्मान उनकी कलात्मक प्रतिभा और निरंतर प्रयोगधर्मिता को मिली महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
कुंचड़ोद से राष्ट्रीय मंच तक बनाई पहचान
ग्राम कुंचड़ोद से अपनी कला यात्रा शुरू कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहचान बनाने वाले राहुल कुमार लोहार ने सम्मान के लिए लता फाउंडेशन, एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, किंग बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें सूक्ष्म कला के क्षेत्र में नए प्रयोग करने और रचनात्मक नवाचार को और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। राहुल की इस उपलब्धि से नीमच जिले के कला प्रेमियों एवं ग्रामीण क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
समारोह में डॉ. राम सिंह चौहान, एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के ब्रांड एंबेसडर, डॉ. अनुराग सक्सेना, अध्यक्ष जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया, डॉ. सोनिया दत्त शर्मा, डॉ. दानिश जमाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन की संस्थापक लता खटवानी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


