Breaking news

newsbhaskar15@gmail.com | +91-9406858420

logo
header-add

101 दीपकों की महाआरती, छप्पन भोग और डांडिया रास से सजा खंडेलवाल वैश्य समाज का दीपावली मिलन समारोह

13-11-2026




गोधाम बालाजी मंदिर परिसर में गौ पूजन के साथ हुआ अन्नकूट महोत्सव, आकर्षक आतिशबाजी ने बांधा समां

नीमच। संत सुंदरदास खंडेलवाल वैश्य समाज विकास समिति के तत्वावधान में बुधवार, 11 नवंबर को गोधाम बालाजी मंदिर परिसर में दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। आयोजन में समाज के परिवारों, वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गौ पूजन, ठाकुरजी का छप्पन भोग, 101 दीपकों से महाआरती, डांडिया रास और आकर्षक आतिशबाजी समारोह के प्रमुख आकर्षण रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5 बजे विधि-विधान के साथ गौ पूजन और लक्ष्मी पूजन से हुआ। समाजजनों ने परिवारों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद शाम 5:30 बजे ढोल की थाप के साथ ठाकुरजी को गोधाम बालाजी मंदिर के मुख्य द्वार से कार्यक्रम स्थल तक लाकर विराजित किया गया। भक्तिमय माहौल और ढोल की मधुर धुनों से पूरा परिसर धर्ममय हो गया।
समारोह में शाम 6 बजे से डांडिया रास का आयोजन हुआ। इसमें महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने पारंपरिक संगीत की धुनों पर उत्साहपूर्वक भाग लिया। डांडिया और गरबा की प्रस्तुतियों से आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल बना रहा।
इसके बाद शाम 7 बजे ठाकुरजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। 101 दीपकों से की गई भव्य महाआरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दीपों की रोशनी और भक्ति के वातावरण के बीच आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात आकर्षक आतिशबाजी की गई। शाम 7:30 बजे से समाजजनों को अन्नकूट प्रसादी वितरित की गई।
वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
समारोह में समाज के सलाहकार मंडल के पूर्व अध्यक्ष रामस्वरूप दुसाद, राजेंद्र कुलवाल, संतोष कुलवाल, ओमप्रकाश दुसाद, रमेश दुसाद एवं वरुण दुसाद का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। समाज के संरक्षक एवं निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन दुसाद, अध्यक्ष राजेश लाभी, उपाध्यक्ष अतुल लाभी और तुषार दुसाद, सचिव विश्वास दुसाद (बल्ला), सह-सचिव अंकित कुलवाल, कोषाध्यक्ष संतोष पाटोदिया, प्रवक्ता डॉ. केतन दुसाद, शुभकामना संयोजक संजय वैद्य तथा युवा प्रकोष्ठ के अंशुल लाभी सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
समाज के प्रवक्ता डॉ. केतन खंडेलवाल ने बताया कि समिति द्वारा प्रतिवर्ष दीपावली मिलन समारोह और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन पारंपरिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाता है। इस वर्ष भी समाजजनों के सामूहिक सहयोग से आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। उन्होंने समारोह में शामिल हुए वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं, समाजबंधुओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह का समापन आपसी स्नेह, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में हुआ। आयोजन के माध्यम से समाजजनों ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मेल-मिलाप को मजबूत करने का संदेश दिया।